शिक्षा

पीजीआईएमईआर ने जारी किया नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा की तारीख, 21 अक्तूबर को होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

चंडीगढ़। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ ने नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप-बी) भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। संस्थान की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को जारी सूचना के मुताबिक, पद के लिए ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को सुबह की पाली में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड 14 अक्टूबर 2026 के आसपास जारी किए जाने की संभावना है। उम्मीदवार इसे संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट pgimer.edu.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए वेबसाइट के ‘Students > Info for Candidates’ सेक्शन में जाना होगा। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए वही यूजर आईडी और पासवर्ड इस्तेमाल करना होगा, जिसका उपयोग ऑनलाइन आवेदन के दौरान किया गया था।

एडमिट कार्ड में परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज होगी। इसमें उम्मीदवार का रोल नंबर, परीक्षा केंद्र और उसका पता, परीक्षा का समय, प्रवेश द्वार खुलने और बंद होने का समय सहित परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र जाने से पहले एडमिट कार्ड पर दिए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।

जिन अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन जमा किया है, उन्हें परीक्षा शहर की जानकारी उनके पंजीकृत ईमेल पते पर भेजी जाएगी। संस्थान ने उम्मीदवारों को नियमित रूप से अपना ईमेल चेक करते रहने की सलाह दी है।

संस्थान के अनुसार, उम्मीदवारों को उनकी पसंद के शहर में परीक्षा केंद्र देने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन सीटों की उपलब्धता, पर्याप्त परीक्षा केंद्र और प्रशासनिक या तकनीकी परिस्थितियों के कारण यह हमेशा संभव नहीं होगा। ऐसी स्थिति में किसी अन्य शहर या राज्य में भी केंद्र आवंटित किया जा सकता है। आवंटित परीक्षा केंद्र में बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नर्सिंग ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 3 अक्टूबर 2026 थी। उम्मीदवार अपने जमा किए गए आवेदन पत्र को आवेदन पोर्टल पर लॉगिन करके 6 अक्टूबर 2026 रात 11:55 बजे तक देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।

परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए उम्मीदवार पीजीआईएमईआर के भर्ती प्रकोष्ठ से संपर्क कर सकते हैं। भर्ती प्रकोष्ठ में कार्य दिवसों पर दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच संपर्क किया जा सकता है। कार्यालय का पता भर्ती प्रकोष्ठ, पीजीआईएमईआर, सेक्टर-12, चंडीगढ़ है। दूरभाष नंबर 0172-2755578 और 0172-2755579 हैं।a