राष्ट्रीय

महान गायिका लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए लगी लोगों की भीड़, देश में दो दिन का शोक घोषित

मुंबई। महान गायिका लता मंगेशकर के निधन से देशभर में गम का माहौल है। केंद्र सरकार ने 6 व 7 फरवरी को राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। 92 वर्षीय लता जी का रविवार सुबह मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में निधन हो गया। रविवार शाम 6.30 बजे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में अंत्येष्टि की जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी श्रद्धांजलि देने मुंबई जाएंगे।

लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग
लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई है। थोड़ी देर में उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी जाएगी। लता जी की छोटी बहन आशा भोसले भी बड़ी दीदी को अंतिम विदाई देने शिवाजी पार्क के लिए रवाना हो चुकी हैं।

पश्चिम बंगाल में आधे दिन के अवकाश का एलान
सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक है। इस बीच लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने आधे दिन के अवकाश का एलान किया।

महाराष्ट्र में एक दिन का सार्वजनिक अवकाश
भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के चलते महाराष्ट्र में एक दिन के सार्वजनिक अवकाश का एलान किया गया है।

उत्तराखंड में दो दिन का राजकीय शोक 
स्वर कोकिला के निधन पर उत्तराखंड में भी दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है इस दौरान सभी कार्यक्रमों के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम व चुनावी रैलियों पर भी रोक रहेगी

लता मंगेशकर के घर पहुंचे राज ठाकरे
राज ठाकरे अपनी पत्नी और मां के साथ लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए उनके पेडर रोड स्थित आवास ‘प्रभुकुंज’ पहुंचे।

6 बजे तक शिवाजी पार्क पहुंचेंगे पीएम
बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लगभग 5:45-6:00 बजे अंतिम संस्कार के मैदान में पहुंचेंगे, जिसके बाद लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार शाम लगभग 6:15-6:30 बजे किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “वह हमेशा हमारे साथ रहेंगी”।

आज एक युग का अंत हो गया – सोनिया गांधी
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मशहूर गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “आज एक युग का अंत हो गया। लता जी हमेशा पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *