उत्तराखंड

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने बोला कांग्रेस पर हमला, कांग्रेस का चुनावी सैनिक प्रेम पूरी तरह ढोंग, कांग्रेस ने कभी नहीं किया भारतीय सेना का सम्मान

देहरादून। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने गलवन घाटी में तिरंगा फहराने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सैनिकों का अपमान करार दिया है।
जोशी ने एक बयान में कहा कि उत्तराखंड जैसे सैन्य बहुल प्रदेश के सैकड़ों जवान खून जमा देने वाली ठंड में सीमाओं पर डटे हैं और इधर कांग्रेस के नेता बार-बार देश का मनोबल तोड़ने वाली झूठी खबरें फैलाते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत समेत अन्य कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या वे अपने शीर्ष नेता द्वारा भारतीय जवानों के शौर्य पर लगाए गए प्रश्नचिह्न पर माफी मंगवाने की हिम्मत करेंगे।

जोशी ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस नेताओं को चीन की समाचार एजेंसी या चीनी दूतावास से खबरें ब्रीफ होती हैं, वह भी तब जबकि भारतीय समाचार एजेंसियों ने भी गलवन में तिरंगा लहराने की फोटो जारी की है। उन्होंने कहा कि कल तक प्रदेश में वीर सैनिक ग्राम यात्रा निकालने वाले कांग्रेस नेताओं को कम से कम उत्तराखंड व देश के जवानों का अपमान करने वाले राहुल गांधी के संदेश को लेकर माफी मांगनी चाहिए। साथ ही जोड़ा कि न तो प्रदेश कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से ऐसा करवाने की हिम्मत करेंगे और न स्वयं माफी मांगेगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी भारतीय सेना का सम्मान नहीं किया। उसका चुनावी सैनिक प्रेम पूरी तरह ढोंग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *